लखनऊ, 6 मई। इंडियन प्रीमियर लीग 2026 में गुरुवार को होने वाले मुकाबले में रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु (आरसीबी) की नजरें लखनऊ सुपर जायंट्स (एलएसजी) के खिलाफ जीत दर्ज कर प्लेऑफ की ओर मजबूत कदम बढ़ाने पर होगी। वहीं दूसरी ओर लखनऊ सुपर जायंट्स के लिए यह मैच करो या मरो जैसा होगा। पिछले मुकाबले में गुजरात टाइटन्स के खिलाफ बल्लेबाजी क्रम के बिखरने से शीर्ष स्थान हासिल करने का मौका गंवाने वाली आरसीबी इस मैच में अपनी पुरानी लय हासिल करना चाहेगी।
आरसीबी फिलहाल अंक तालिका में दूसरे स्थान पर है लेकिन उसके समान अंक चार अन्य टीमों के भी हैं। ऐसे में हर मुकाबला उसके लिए बेहद अहम हो गया है। गुजरात के खिलाफ पिछले मैच में आरसीबी ने अच्छी शुरुआत के बावजूद अचानक विकेट गंवाए और 79/2 से 155 रन पर सिमट गई थी।
हालांकि विराट कोहली शानदार फॉर्म में हैं और अब तक 379 रन बना चुके हैं। कप्तान रजत पाटीदार और देवदत्त पडिक्कल ने भी टीम के लिए उपयोगी पारियां खेली हैं। फिल साल्ट के चोटिल होने के कारण जैकब बेथेल को कोहली के साथ ओपनिंग की जिम्मेदारी मिल सकती है।
रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरु की गेंदबाजी इस सीजन उसकी सबसे बड़ी ताकत बनी है। अनुभवी भुवनेश्वर कुमार और ऑस्ट्रेलियाई तेज गेंदबाज जोश हेजलवुड की जोड़ी विपक्षी बल्लेबाजों पर लगातार कहर बन रहे हैं। दोनों गेंदबाजों ने दिल्ली कैपिटल्स को महज 75 रन पर समेटने में अहम भूमिका निभाई थी। वहीं क्रुणाल पंड्या, सुयश शर्मा और रोमारियो शेफर्ड ने भी प्रभावशाली प्रदर्शन किया है।
दूसरी ओर एलएसजी का अभियान अब तक बेहद निराशाजनक रहा है। टीम लगातार छह मैच हारकर अंक तालिका में सबसे नीचे पहुंच चुकी है। कप्तान ऋषभ पंत, मिचेल मार्श, निकोलस पूरन और एडेन मार्क्रम जैसे स्टार खिलाड़ी अपेक्षित प्रदर्शन नहीं कर पाए हैं। बल्लेबाजी क्रम में लगातार बदलाव भी टीम के लिए परेशानी का कारण बना हुआ है।
गेंदबाजी में प्रिंस यादव और मोहसिन खान ने जरूर अच्छा प्रदर्शन किया है, लेकिन मोहम्मद शमी की फॉर्म चिंता का विषय बनी हुई है। सीजन के पहले चरण में आरसीबी ने एलएसजी को पांच विकेट से हराया था, जिससे उसका मनोबल ऊंचा है। वहीं एलएसजी के लिए यह मुकाबला ‘करो या मरो’ जैसा माना जा रहा है।
मैच भारतीय समयानुसार शाम 7:30 बजे शुरू होगा।