बेतिया, 9 मई। स्थानीय संत जेवियस हायर सेकेंडरी स्कूल में 9 मई यानी शनिवार को इंटर हाउस गर्ल्स फुटबॉल टूर्नामेंट का भव्य आयोजन किया गया। इस टूर्नामेंट को जेवियर अल्यूमुनी एसोसिएशन द्वारा प्रायोजित किया गया है।
टूर्नामेंट के उद्घाटन समारोह में विद्यालय के फादर प्रिंसिपल मिस्टर आर्मस्ट्रॉन्ग एडिसन उपस्थित रहे। वहीं अल्यूमुनी की ओर से उसके प्रेसिडेंट मिस्टर आशीष शर्मा ने कार्यक्रम में भाग लिया। उद्घाटन समारोह में विद्यालय के स्पोर्ट्स टीचर राकेश रेमी तथा नवीन उत्पल भी उपस्थित रहे। इसके साथ ही लेजली सर, त्रिप्ती मैम, पूजा मैम, सुजीत सर, नीला रानी मंडल मैम, शालिनी मैम तथा निशा कुमारी मैम ने भी अपनी उपस्थिति दर्ज कराई और खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन किया।
टूर्नामेंट का पहला मुकाबला ग्रीन हाउस और रेड हाउस के बीच खेला गया। मैच का पहला गोल पहले हाफ के समाप्त होने से कुछ समय पहले धानी सिंह द्वारा पेनाल्टी के माध्यम से किया गया, जिससे मैच रोमांचक बन गया।
दूसरे हाफ में दोनों टीमों ने शानदार प्रदर्शन किया। मैच के अंतिम क्षणों में शिवांगी ने गेंद को आगे बढ़ाते हुए बेहतरीन शॉट लगाकर दूसरा गोल किया और अपनी टीम को बढ़त दिलाई। पूरे मैच में खिलाड़ियों का उत्साह और खेल भावना देखने लायक थी।
मैच के दौरान स्पोर्ट्स टीचर नवीन उत्पल ने रेफरी की भूमिका निभाई और पूरे मैच का सफल संचालन किया। ग्रीन हाउस के कैप्टन अर्जुन कुमार तथा रेड हाउस के कैप्टन प्रिंस ठाकुर मैदान के बाहर से अपनी-अपनी टीमों का मार्गदर्शन और उत्साहवर्धन कर रहे थे। वहीं ग्रीन हाउस की लवली रानी और रेड हाउस की ऋषिका कुमारी मैदान में खेलते हुए अपनी टीम का नेतृत्व कर रही थीं और खिलाड़ियों का मनोबल बढ़ा रही थीं।
विद्यालय प्रशासन के अनुसार यह टूर्नामेंट आगामी शनिवार यानी 16 मई 2026 को समाप्त होगा। उसी दिन गर्ल्स, सीनियर ब्वॉयज तथा जूनियर ब्वॉयज ग्रुप्स के फाइनल मुकाबले खेले जाएंगे। साथ ही 10 मई 2026 से इंटर हाउस सीनियर ब्वॉयज फुटबॉल टूर्नामेंट की शुरुआत होगी। विद्यालय में आयोजित यह पहला इंटर हाउस गर्ल्स फुटबॉल टूर्नामेंट छात्राओं के लिए प्रेरणादायक एवं यादगार साबित हुआ।