Tuesday, June 9, 2026
Home Latest डेविस कप : पाक हारा, भारत विश्व ग्रुप क्वालीफायर में

डेविस कप : पाक हारा, भारत विश्व ग्रुप क्वालीफायर में

by Khel Dhaba
0 comment

नूर सुल्तान। अनुभवी टेनिस स्टार लिएंडर पेस ने अपना डेविस कप रिकार्ड बेहतर करते हुए जीवन नेदुंचेझियान के साथ अपना 44वां युगल मैच जीता जबकि भारत ने पाकिस्तान को 4-0 से हरा 2020 क्वालीफायर में जगह बना ली।

पाकिस्तान के मोहम्मद शोएब और हुफैजा अब्दुल रहमान की जोड़ी पेस और जीवन के आगे टिक नहीं सकी । उन्होंने सिर्फ 53 मिनट में 6-1, 6-3 से जीत दर्ज की।

पिछले साल अपना 43वां युगल मैच जीतकर डेविस कप के इतिहास में सफलतम खिलाड़ी बने पेस ने इटली के निकोला पी को पछाड़ा था। पेस ने 56वें मुकाबले में 43वीं जीत दर्ज की थी जबकि निकोला ने 66 में से 42 मैच जीते।

पेस का 44 जीत का रिकॉर्ड जल्दी टूट पाना संभव नहीं क्योंकि उनके अलावा कोई मौजूदा युगल खिलाड़ी शीर्ष 10 में नहीं है। बेलारूस के मैक्स मिरनी तीसरे नंबर पर हैं जिनके नाम 36 जीत दर्ज है लेकिन वह 2018 से टूर पर नहीं खेल रहे हैं।

उलट एकल में सुमित नागल ने युसूफ खलील को 6-1, 6-0 से मात दी। दोनों टीमों ने बेमानी हो चुका पांचवां मुकाबला नहीं खेलने का फैसला किया। पहले तीन मैच जीतने पर भी टीम के लिये चौथा मैच खेलना जरूरी था लेकिन नियम पांचवां मैच छोड़ने की इजाजत देते हैं।

भारत ने फरवरी 2014 के बाद पहली बार सारे मैच जीते हैं। उस समय इंदौर में भारत ने चीनी ताइपै को 5-0 से हराया था।

अब क्वालीफायर्स में भारत का सामना क्रोएशिया से होगा और यह मुकाबला 6, 7 मार्च को खेला जायेगा। डेविस कप फाइनल्स में 12 क्वालीफाइंग स्थानों के लिये 24 टीमें आपस में भिड़ेंगी।

हारने वाली 12 टीमें सितंबर 2020 में विश्व ग्रुप वन खेलेगी। विजेता टीमें फाइनल्स में खेलेंगी जिसके लिये कनाडा, ब्रिटेन, रूस, स्पेन, फ्रांस और सर्बिया पहले ही क्वालीफाई कर चुके हैं।

तीसरे मैच में हुफैजा और शोएब ने पहले गेम में सर्विस बरकरार रखी लेकिन भारतीय जोड़ी ने तीसरे गेम में उनकी सर्विस तोड़कर 3-1 से बढॅत बना ली। पांचवें गेम में फिर उनकी सर्विस तोड़कर पेस और जीवन ने दबाव बनाया।

You may also like

Leave a Comment

खेलढाबा.कॉम

खेलढाबा.कॉम, खेल पत्रकार की सोच और बहुत सारे खेल प्रेमियों के सुझाव व साथ का परिणाम है। बड़े निवेश की खेल वेबसाइट्स की भीड़ में खेलढाबा.कॉम के अलग होने की यह भी एक बड़ी वजह है। तो, जिले-कस्बों से बड़े आयोजनों तक की कवरेज के लिए जुड़े रहें खेलढाबा.कॉम से।

Newsletter

Laest News

@2025 – All Right Reserved.