पटना, 14 अप्रैल। स्थानीय ऊर्जा स्टेडियम में चल रही बिहार कॉर्पोरेट क्रिकेट लीग सीजन-3 के अंतर्गत मंगलवार को खेले गए मैचों में रोमांच और एकतरफा प्रदर्शन दोनों का शानदार मिश्रण देखने को मिला। एक ओर बुद्धा कैंसर सेंटर ने संदीप सिंह की विस्फोटक बल्लेबाजी और गेंदबाजों के दमदार प्रदर्शन के दम पर पावरग्रिड को 43 रनों से हराया, तो दूसरी ओर एफसीआई ने बासा इलेवन के खिलाफ पूरी तरह से दबदबा बनाते हुए 9 विकेट से आसान जीत दर्ज की।
संदीप सिंह का तूफानी शो
बुद्धा कैंसर सेंटर ने पावरग्रिड को 43 रनों से हराकर दमदार जीत दर्ज की। पहले बल्लेबाजी करते हुए बुद्धा कैंसर सेंटर ने 17.1 ओवर में 168 रन बनाए। जवाब में पावरग्रिड की टीम 20 ओवर में 125/9 ही बना सकी।
मैच की शुरुआत में टॉस जीतकर बुद्धा कैंसर सेंटर ने बल्लेबाजी चुनी और टीम को विस्फोटक शुरुआत मिली। टीम के लिए संदीप सिंह ने 27 गेंदों पर 78 रन (4 चौके, 9 छक्के) की तूफानी पारी खेली। उनके अलावा सुजय 21 (9), संजीव कुमार 18 (16),रॉबिन कुमार 12 (13) और कप्तान विशाल गुप्ता 15 (19) रन का योगदान दिया और टीम ने 17.1 ओवर में सभी विकेट खोकर 168 रन बनाया।
पावरग्रिड की ओर से गेंदबाजी में गूंजन गगन ने शानदार प्रदर्शन करते हुए 4 ओवर में 25 रन देकर 5 विकेट झटके। वहीं मुकेश कुमार महतो ने 3.1 ओवर में 35 रन देकर 3 विकेट हासिल किए।
लक्ष्य का पीछा करने उतरी पावरग्रिड की शुरुआत बेहद खराब रही और टीम नियमित अंतराल पर विकेट गंवाती रही। टीम के लिए प्रतीक शर्मा ने 22 (16) और सी प्रधान ने 21 (26) रन बनाए, जबकि आकाश सिंह 17 (16) और जेम्स बास्टिन 16 (14) ने संघर्ष जरूर किया, लेकिन टीम को जीत नहीं दिला सके। कप्तान गुंजन गगन ने 12 रन की पारी खेली।
बुद्धा कैंसर सेंटर की ओर से गेंदबाजी में सुबो ने 4 ओवर में 25 रन देकर 3 विकेट और सुजय ने 3 ओवर में 18 रन देकर 3 विकेट लेकर मैच का रुख पूरी तरह बदल दिया। इसके अलावा संजीव कुमार ने 3 ओवर में 17 रन देकर 1 और आदित्य प्रकाश ने 4 ओवर में 20 रन देकर देकर 1 विकेट हासिल किया। विजेता टीम के संदीप सिंह को प्लेयर ऑफ द मैच का पुरस्कार दिया गया।
संक्षिप्त स्कोर
बुद्धा कैंसर सेंटर : 168/10 (17.1 ओवर), संदीप सिंह 78, सुजय 21, संजीव कुमार 18, रॉबिन कुमार 12,विशाल गुप्ता 15, गूंजन गगन 5/25, मुकेश कुमार महतो 3/35, अमित कुमार 1/36
पावरग्रिड : 125/9 (20 ओवर), प्रतीक शर्मा 22, सी प्रधान 21, आकाश सिंह 17,, जेम्स बास्टिन 16, गुंजन गगन 12, सुबो 3/25, सुजय 3/18, संजीव कुमार 1/17, आदित्य प्रकाश 1/20
एफसीआई की बंपर जीत
एफसीआई ने शानदार प्रदर्शन करते हुए बासा इलेवन को 9 विकेट से करारी शिकस्त दी। पहले बल्लेबाजी करते हुए बासा इलेवन की टीम 15 ओवर में 103 रन पर सिमट गई, जिसके जवाब में एफसीआई ने मात्र 12.5 ओवर में 1 विकेट पर 108 रन बनाकर लक्ष्य आसानी से हासिल कर लिया।
बासा इलेवन की शुरुआत ठीक रही, लेकिन मध्यक्रम पूरी तरह बिखर गया। टीम के लिए नीरज कुमार ने 32 (25) रन बनाए, जबकि प्रभात कुमार 19 (13) और अमित सिंह 15 (14) ने कुछ संघर्ष किया। अंत में छोटे-छोटे योगदान के बावजूद टीम बड़ा स्कोर खड़ा नहीं कर सकी।
एफसीआई की गेंदबाजी बेहद धारदार रही। राजेश ने 3 ओवर में 28 रन देकर 4 विकेट झटके और बासा इलेवन की कमर तोड़ दी। उनके अलावा प्रणय रंजन ने 3 ओवर में 22 रन देकर 2 विकेट हासिल किए, जबकि अनिकेत और शांतनु ने किफायती गेंदबाजी करते हुए 1-1 विकेट चटकाये।
लक्ष्य का पीछा करने उतरी एफसीआई की टीम ने शुरुआत से ही मैच पर पकड़ बना ली। कप्तान सजल सिन्हा ने 36 (24) रन की तेज पारी खेली, वहीं मनीष कुमार ने 27 (25) रन जोड़े। अंत में अमन कुमार ने 11 गेंदों पर नाबाद 25 रन बनाकर टीम को जीत तक पहुंचाया। अनिकेत ने नाबाद 13 रन की पारी खेली।
बासा इलेवन की ओर से गेंदबाजी में केवल अमित कुमार मिश्रा ही प्रभाव छोड़ सके, जिन्होंने 3 ओवर में 13 रन देकर 1 विकेट लिया, लेकिन अन्य गेंदबाज विकेट लेने में असफल रहे। एफसीआई के राजेश को प्लेयर ऑफ द मैच घोषित किया गया।
संक्षिप्त स्कोर
बासा इलेवन: 103/10 (15 ओवर), नीरज कुमार 32, प्रभात कुमार 19, अमित सिंह 15, अतिरिक्त 12, राजेश 4/28, प्रणय रंजन 2/22, अनिकेत 1/13, शांतनु 1/18
एफसीआई : 108/1 (12.5 ओवर), साजल सिन्हा 36, मनीष कुमार 27, अमन कुमार नाबाद 25, अनिकेत नाबाद 13, अमित कुमार मिश्रा 1/13