पटना, 23 सितंबर। बिहार अंतर जिला विद्यालय बालक अंडर-17 एथलेटिक्स प्रतियोगिता के 100 मीटर स्पर्धा का स्वर्ण पदक औरंगाबाद के सुभाषु कुमार (11.17 सेकेंड) जीतकर प्रतियोगिता का सबसे तेज धावक बनने का गौरव प्राप्त किया। इस स्पर्धा का रजत पदक गया के रविकान्त कुमार (11.55 सेकेण्ड) तथा कांस्य पदक एकलव्य प्रशिक्षण केन्द्र के सरताज अंसारी (11.72 सेकेण्ड) ने जीता।
गया का वर्चस्व कायम
खेल विभाग, बिहार तथा बिहार राज्य खेल प्राधिकरण के तत्वावधान में जिला प्रशासन, पटना द्वारा आयोजित चार दिवसीय प्रतियोगिता के दूसरे दिन गया के खिलाड़ियों ने 2 स्वर्ण, 2 रजत तथा 1 कांस्य पदक जीतकर पदक तालिका में अपनी बादशाहत कायम रखी।
3000 मीटर में वैशाली के रंजन ने किया राज
पाटलिपुत्र खेल परिसर में सोमवार को प्रतियोगिता के ट्रैक स्पर्धाओं में सबसे लंबी दूरी की दौड़ 3000 मीटर का स्वर्ण पदक वैशाली के रंजन राज (8.49:37 सेकेण्ड), रजत पदक गया के रोहित कुमार (9.26:97 सेकेण्ड) तथा कांस्य पदक भागलपुर के राज सिन्हा (9.34:53 सेकेण्ड) ने जीता।





800 मीटर दौड़ में गया के रोहित बने चैंपियन
वहीं 800 मीटर स्पर्धा का स्वर्ण पदक गया के रोहित कुमार (1:58:33 सेकेण्ड), रजत पदक भागलपुर के निर्मल कुमार (1.58:73 सेकेण्ड) तथा कांस्य पदक गया के रौशन कुमार (2.01:17 सेकेण्ड) ने जीता।
सीवान के अतुल ने लगाई ऊंची छलांग
सीवान के अतुल कुमार ने 1.68 मीटर ऊँची छलांग लगाकर ऊँची कूद स्पर्धा का स्वर्ण पदक जीता। इस स्पर्धा का रजत पदक भोजपुर के राजु कुमार (1.65 मीटर) तथा कांस्य पदक भागलपुर के राजकुमार (1.65 मीटर) ने जीता।
गया के देवराज ने फेंका सबसे आगे चक्का
चक्का फेंक स्पर्धा का स्वर्ण पदक गया के देवराज ने जीता जबकि इस स्पर्धा का रजत पदक जमुई के कुमार विश्वजीत पाल ने तथा कांस्य पदक नालंदा के विप्लो पाण्डे ने जीता।
इन्होंने किया पुरस्कृत
ओम प्रकाश, जिला खेल पदाधिकारी ने विभिन्न स्पर्धाओं के विजेता खिलाड़ियों में मेडल एवं प्रशस्ति पत्र देकर पुरस्कृत किया। इस अवसर पर धीरेन्द्र कुमार, राकेश कुमार, निर्मल कुमार, अशोक कुमार, मनोज कुमार सिंह, मनोज कुमार, सुधांशु रंजन, सुरज कुमार आदि गणमान्य लोग उपस्थित थे।